सिराथू विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी की विधायक और अपना दल (कमेरावादी) की नेता पल्लवी पटेल ने प्रयागराज में पूर्व सांसद अतीक अहमद के परिवार से मुलाकात की, यह मुलाकात अतीक अहमद के छोटे बेटे अबान अहमद की सड़क दुर्घटना में मौत के बाद हुई, पल्लवी पटेल ने अतीक के बेटे अहजम अहमद से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। इसके अलावा उन्होंने अतीक अहमद के भाई अशरफ के बच्चों से भी मुलाकात की।
पल्लवी पटेल ने शेयर की मुलाकात की तस्वीरें
पल्लवी पटेल ने मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की हैं, तस्वीरों में वह अहजम से बातचीत करती और परिवार के बच्चों के साथ बैठी नजर आ रही हैं, अपने पोस्ट में पल्लवी पटेल ने अबान अहमद के निधन पर दुख जताते हुए परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
सड़क हादसे में हुई थी अबान की मौत
जानकारी के मुताबिक, झांसी जिले में हुए सड़क हादसे में अबान अहमद समेत दो लोगों की मौत हुई थी, जबकि कई अन्य लोग घायल हुए थे, बताया गया कि कार सवार प्रयागराज से झांसी जेल में बंद अतीक अहमद के बड़े बेटे अली अहमद से मुलाकात करने जा रहे थे, प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई थी। हादसे के बाद घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
पिता की कब्र के पास सुपुर्द-ए-खाक हुआ अबान
21 वर्षीय अबान अहमद को शनिवार शाम प्रयागराज के कसारी-मसारी कब्रिस्तान में उसके पिता अतीक अहमद की कब्र के पास सुपुर्द-ए-खाक किया गया, अंतिम विदाई के दौरान उसके भाई अली, उमर और अहजम ने जनाजे को कंधा दिया, अबान के जनाजे में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए कब्रिस्तान और आसपास के इलाकों में पुलिस की तैनाती भी की गई थी।
पैरोल पर प्रयागराज पहुंचे अली और उमर
अबान के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए अतीक अहमद के बेटे अली और उमर भी जेल से प्रयागराज पहुंचे, रिपोर्ट के मुताबिक, इलाहाबाद हाईकोर्ट से पैरोल मिलने के बाद दोनों को कड़ी सुरक्षा के बीच प्रयागराज लाया गया, अली को झांसी जेल से और उमर को लखनऊ जेल से प्रयागराज लाया गया, दोनों भाइयों के एक-दूसरे के सामने आने पर उन्होंने गले मिलकर भावुक पल साझा किया।
परिवार से मुलाकात के बाद चर्चा में पल्लवी पटेल
अबान अहमद की मौत के बाद पल्लवी पटेल की अतीक परिवार से मुलाकात राजनीतिक और सामाजिक चर्चा का विषय बन गई है हालांकि, पल्लवी पटेल ने अपनी मुलाकात को शोक संवेदना और मानवीय आधार पर परिवार के प्रति समर्थन के रूप में पेश किया है।