‘वंदे मातरम’ के कथित अपमान को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) के कार्यकर्ताओं ने रविवार को लखनऊ में कांग्रेस के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया, VVIP गेस्ट हाउस से सैकड़ों बीजेपी कार्यकर्ता हाथों में मशाल लेकर कांग्रेस मुख्यालय की ओर बढ़े, प्रदर्शनकारियों ने कांग्रेस पर राष्ट्रगीत के अपमान का आरोप लगाते हुए नारेबाजी की।
पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर रोका
बीजेपी कार्यकर्ताओं को कांग्रेस कार्यालय से करीब 300 मीटर पहले सुन्नी वक्फ बोर्ड के पास पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया, इसके बाद प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग पर चढ़ गए और जोरदार नारेबाजी करने लगे, बीजेपी युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रोहित मिश्रा भी बैरिकेडिंग पर पहुंचे, उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ ‘वंदे मातरम’ का गायन किया, प्रदर्शन के दौरान बीजेपी कार्यकर्ता कांग्रेस कार्यालय तक पहुंचकर राष्ट्रगीत गाने की मांग पर अड़े रहे।
‘वंदे मातरम’ के सम्मान के लिए मैदान में BJP: रोहित मिश्रा
बीजेपी युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रोहित मिश्रा ने कहा कि ‘वंदे मातरम’ के सम्मान के लिए बीजेपी कार्यकर्ता मैदान में हैं, उन्होंने कहा कि राष्ट्रगीत का अपमान किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा, रोहित मिश्रा ने आरोप लगाया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व की ओर से जो किया गया, उसे देश कभी माफ नहीं करेगा, उन्होंने कहा कि बीजेपी कार्यकर्ता कांग्रेस मुख्यालय पर ‘वंदे मातरम’ का गायन करेंगे और कांग्रेस नेताओं से राष्ट्रगीत के सम्मान की अपील करेंगे, उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पार्टी की सोच आजादी के बाद भी नहीं बदली है।
Also Read – 78 हजार राशन विक्रेताओं को आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ देंगे बड़ी सौगात
BJP ने कांग्रेस से मांगी माफी
रोहित मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर देशभर में ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूरे होने का जश्न मनाया जा रहा है, ऐसे समय में कांग्रेस पर राष्ट्रगीत के अपमान का आरोप लगना दुर्भाग्यपूर्ण है, उन्होंने मांग की कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष समेत पूरी पार्टी को देश से माफी मांगनी चाहिए, बीजेपी नेताओं ने आरोप लगाया कि स्वतंत्रता दिवस के मौके पर जब देश शहीदों को याद कर रहा था और राष्ट्रगीत गा रहा था, तब कांग्रेस के रवैये ने विवाद खड़ा किया।
आमने-सामने आए BJP और कांग्रेस कार्यकर्ता
बीजेपी कार्यकर्ताओं के कांग्रेस कार्यालय की ओर बढ़ने के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता भी पार्टी कार्यालय से बाहर आ गए, दोनों पक्षों के कार्यकर्ता एक-दूसरे की ओर बढ़ने लगे, जिसके बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए दोनों तरफ बैरिकेडिंग कर दी, कांग्रेस कार्यालय से करीब 50 मीटर आगे पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोक दिया, इस दौरान दोनों पक्षों के कार्यकर्ता बैरिकेडिंग पर चढ़कर एक-दूसरे के खिलाफ नारेबाजी करते रहे, स्थिति को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात रहा, पुलिस ने दोनों पक्षों के कार्यकर्ताओं को आमने-सामने आने से रोकने और स्थिति को नियंत्रण में रखने का प्रयास किया, ‘वंदे मातरम’ को लेकर लखनऊ में हुए इस प्रदर्शन के बाद BJP और कांग्रेस के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज होने की संभावना है, फिलहाल प्रशासन की ओर से कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था जारी रखी गई है।