नई दिल्ली: हिंदी सिनेमा की दिग्गज अभिनेत्री पूनम ढिल्लों की तबीयत खराब होने की खबर से उनके फैंस चिंतित हैं। 80 और 90 के दशक में अपनी खूबसूरती और दमदार अभिनय से दर्शकों के बीच खास पहचान बनाने वाली पूनम ढिल्लों इन दिनों मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्हें डेंगू हुआ है और डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।
हालांकि, राहत की बात यह है कि अभिनेत्री की सेहत में अब सुधार बताया जा रहा है। सोशल मीडिया पर फिल्म पत्रकार विक्की लालवानी की ओर से साझा की गई जानकारी के मुताबिक, उन्होंने पूनम ढिल्लों से उनकी तबीयत के बारे में पूछा था। जवाब में अभिनेत्री ने बताया कि वह धीरे-धीरे रिकवर कर रही हैं। इसके बाद उनके प्रशंसक सोशल मीडिया के जरिए जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।
डेंगू के बाद अस्पताल में भर्ती हुईं पूनम
जानकारी के अनुसार, पूनम ढिल्लों की तबीयत बिगड़ने के बाद जांच कराई गई, जिसमें डेंगू की पुष्टि हुई। इसके बाद उन्हें मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल उनकी स्थिति को लेकर किसी गंभीर जटिलता की जानकारी सामने नहीं आई है।पूनम ढिल्लों ने अपने लंबे फिल्मी करियर में कई यादगार किरदार निभाए हैं। ‘नूरी’, ‘सोहनी माहीवाल’, ‘ये वादा रहा’ और ‘नाम’ जैसी फिल्मों में उनके अभिनय को दर्शकों ने खूब पसंद किया। उनकी खूबसूरती और अभिनय क्षमता ने उन्हें हिंदी सिनेमा की लोकप्रिय अभिनेत्रियों में शामिल किया।
CINTAA विवाद के बीच आई अस्पताल में भर्ती होने की खबर
पूनम ढिल्लों के अस्पताल में भर्ती होने की खबर ऐसे समय सामने आई है, जब CINTAA यानी Cine and TV Artistes’ Association के भीतर संगठनात्मक और नेतृत्व को लेकर विवाद चर्चा में है।हाल के दिनों में संगठन के कई सदस्यों के इस्तीफे की खबर सामने आई थी। रिपोर्ट्स के अनुसार, 11 कार्यकारी समिति सदस्यों ने इस्तीफा दिया, जिनमें आठ निर्वाचित सदस्य बताए गए। इस्तीफा देने वाले सदस्यों ने संगठन में पारदर्शिता और सामूहिक निर्णय प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए और नए चुनाव की मांग की।इस विवाद में CINTAA की जनरल सेक्रेटरी उपासना सिंह की ओर से भी कुछ गंभीर आरोप लगाए गए थे। उन्होंने संगठन के कामकाज को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की थी और कुछ पदाधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठाए थे।
पूनम ढिल्लों ने आरोपों को बताया था गलत
उपासना सिंह के आरोपों पर पूनम ढिल्लों पहले ही अपनी प्रतिक्रिया दे चुकी हैं। उन्होंने आरोपों को खारिज करते हुए कहा था कि वह किसी तरह के विवाद या व्यक्तिगत आरोप-प्रत्यारोप में शामिल नहीं होना चाहतीं।उन्होंने पूरे मामले को लेकर अपनी असहमति जाहिर करते हुए कहा था कि इस तरह के आरोप उस व्यक्ति की निराशा को दर्शाते हैं, जिसे अपेक्षित तवज्जो नहीं मिली।वहीं, इस्तीफा देने वाले सदस्यों और उपासना सिंह की ओर से FWICE तथा रजिस्ट्रार के सामने निष्पक्ष तरीके से नए चुनाव कराने की मांग किए जाने की बात सामने आई है।फिलहाल CINTAA विवाद से अलग पूनम ढिल्लों का पूरा ध्यान अपनी सेहत पर है। अभिनेत्री के अस्पताल में भर्ती होने की खबर के बाद उनके प्रशंसक उनके जल्द पूरी तरह स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं। पूनम की ओर से भी यह बताया गया है कि उनकी सेहत में सुधार हो रहा है, जिससे उनके चाहने वालों को राहत मिली है।