वाराणसी, 23 अगस्त। उत्तर प्रदेश और जापान के यामानाशी प्रीफेक्चर के बीच निवेश, ऊर्जा और तकनीक के क्षेत्र में सहयोग को नई गति मिलने की उम्मीद है। यामानाशी के गवर्नर कोटारो नागासाकी ने कहा कि उत्तर प्रदेश, यामानाशी और जापान के बीच संबंधों को दीर्घकालिक रूप से और मजबूत किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ मिलकर दोनों क्षेत्रों के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग आगे बढ़ाने की योजना है।
कोटारो नागासाकी रविवार को जापानी प्रतिनिधिमंडल के साथ श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचे और बाबा विश्वनाथ के दर्शन-पूजन किए। दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि ग्रीन हाइड्रोजन सिस्टम के माध्यम से उत्तर प्रदेश और यामानाशी के विकास को बढ़ावा देने की दिशा में काम किया जाएगा। उन्होंने ऊर्जा सुरक्षा के जरिए विश्व शांति में योगदान देने की इच्छा भी जताई। गवर्नर ने कहा कि काशी आकर लोगों की ईश्वर के प्रति आस्था और सम्मान की भावना को महसूस किया और उन्होंने विश्व शांति के लिए प्रार्थना की।
कोटारो नागासाकी के नेतृत्व में करीब 15 सदस्यीय जापानी प्रतिनिधिमंडल ने बाबा विश्वनाथ का विधिवत दर्शन-पूजन किया। मंदिर पहुंचने पर जापानी मेहमानों का रुद्राक्ष की माला और अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया गया। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं ने ‘हर-हर महादेव’ के उद्घोष के साथ जापानी मेहमानों का स्वागत किया। प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने भी श्रद्धालुओं के साथ ‘हर-हर महादेव’ का जयघोष किया। इस दौरान भारत-जापान के सांस्कृतिक संबंधों की आत्मीय झलक देखने को मिली।
सावन के पवित्र महीने में काशी पहुंचे जापानी प्रतिनिधिमंडल ने कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच की गई व्यवस्थाओं को भी करीब से देखा। जापानी मेहमानों ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए की गई व्यवस्थाओं, खासकर क्राउड मैनेजमेंट की सराहना की। प्रतिनिधिमंडल ने भव्य और दिव्य काशी विश्वनाथ धाम की आध्यात्मिक आभा को भी निहारा और काशी में आध्यात्मिक विरासत के साथ आधुनिक विकास के समन्वय की प्रशंसा की।
इससे पहले शनिवार को जापानी प्रतिनिधिमंडल ने भगवान बुद्ध की उपदेशस्थली सारनाथ का भ्रमण किया। शाम को प्रतिनिधिमंडल नमो घाट पर आयोजित गंगा आरती में भी शामिल हुआ और काशी की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को करीब से जाना।
गौरतलब है कि 200 से अधिक सदस्यों वाला जापानी प्रतिनिधिमंडल यूपी-जापान इन्वेस्टमेंट मीट-2026 के तहत उत्तर प्रदेश के दौरे पर आया है। लखनऊ में उत्तर प्रदेश सरकार और जापानी प्रतिनिधिमंडल के बीच निवेश तथा द्विपक्षीय सहयोग से जुड़े कई समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर हुए हैं। जापानी प्रतिनिधिमंडल का काशी दौरा भारत-जापान के बीच आध्यात्मिक, सांस्कृतिक, पर्यटन और आर्थिक संबंधों को नई ऊंचाई देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
