लखनऊ, 24 अगस्त। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को जनता दर्शन में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उनके समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए। इस दौरान सीतापुर की महिला ने गोपालन के जरिए आत्मनिर्भर बनने की इच्छा जताई, जबकि एक दिव्यांग ने अपनी जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत की।
सीतापुर के हरगांव स्थित गुरुदेव नगर निवासी पूनम देवी ने मुख्यमंत्री को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह गोपालन के माध्यम से आत्मनिर्भर बनना चाहती हैं। वर्तमान में उनके पास पांच गाय हैं और अन्य गोवंश को रखने के लिए पर्याप्त स्थान भी उपलब्ध है। उन्होंने निराश्रित गोवंश उपलब्ध कराने की मांग की, ताकि दूध आदि की बिक्री से परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत कर सकें।
महिला की इच्छा जानने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तत्काल अपर मुख्य सचिव, पशुधन विभाग को निर्देशित किया कि पूनम देवी को नियमानुसार निराश्रित गाय उपलब्ध कराई जाए। साथ ही मुख्यमंत्री सहभागिता योजना के तहत गोवंश की देखभाल के लिए मिलने वाली आर्थिक सहायता समेत अन्य पात्र योजनाओं का लाभ भी दिलाया जाए।
मुख्यमंत्री ने पूनम देवी का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि सरकार की ओर से उन्हें नियमानुसार हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने गोसेवा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि मन से गोसेवा करने से जीवन की बाधाएं और कष्ट दूर होते हैं। मुख्यमंत्री के आश्वासन पर पूनम देवी ने आभार जताया और श्रावण मास में अपनी इच्छा पूरी होने पर धन्यवाद दिया।
जनता दर्शन में एक दिव्यांग व्यक्ति ने मुख्यमंत्री को अपनी भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत भी दी। मुख्यमंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को भूमि की जांच कराकर नियमानुसार कार्रवाई करने और पीड़ित को यथासंभव मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने जनता दर्शन में आए सभी फरियादियों की समस्याएं ध्यानपूर्वक सुनीं और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक प्रकरण का संवेदनशीलता के साथ परीक्षण करते हुए समयबद्ध तरीके से समाधान सुनिश्चित किया जाए।
