लखनऊ के अलीगंज थाने में सहारा इंडिया परिवार के अधिकारियों समेत छह लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है, यह कार्रवाई कोर्ट के आदेश पर कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के प्रवर्तन अधिकारी की तहरीर के आधार पर हुई है, मामले में सहारा इंडिया परिवार के दिवंगत चेयरमैन सुब्रत रॉय के भाई जयव्रत रॉय और ओपी श्रीवास्तव समेत अन्य लोगों के नाम शामिल हैं।
आरोप है कि सहारा इंडिया के निदेशकों और अधिकारियों ने कर्मचारियों के वेतन से हर महीने भविष्य निधि (PF) की रकम काटी, लेकिन कटौती की गई राशि को संबंधित PF खातों में जमा नहीं कराया, इस संबंध में कंपनी के कर्मचारियों और अधिकारियों की ओर से EPFO में शिकायत की गई थी।
क्या है पूरा मामला?
अलीगंज पुलिस के मुताबिक, EPFO के प्रवर्तन अधिकारी सुहैल खान ने कोर्ट के आदेश के बाद एफआईआर दर्ज कराने के लिए तहरीर दी, शिकायत में सहारा इंडिया मास कम्युनिकेशन के कर्मचारी अनुराग मिश्रा, दिनेश श्रीवास्तव और कलानिधि मिश्रा की ओर से लगाए गए आरोपों का उल्लेख किया गया है, शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि कंपनी की ओर से उनके वेतन से नियमित रूप से PF की राशि काटी जाती थी, लेकिन कटौती के बावजूद यह रकम उनके PF खातों में जमा नहीं की गई, कर्मचारियों ने अपने आरोपों के समर्थन में संबंधित दस्तावेज और साक्ष्य भी उपलब्ध कराए हैं।
पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है, जांच के दौरान पुलिस और संबंधित एजेंसियां PF कटौती, जमा राशि, कंपनी के रिकॉर्ड और शिकायत में लगाए गए अन्य आरोपों से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर सकती हैं।
2023 में हुआ था सुब्रत रॉय का निधन
सहारा इंडिया परिवार के चेयरमैन सुब्रत रॉय का नवंबर 2023 में 75 वर्ष की उम्र में निधन हो गया था। उनके नेतृत्व वाले सहारा समूह की विभिन्न कंपनियां लंबे समय से नियामकीय और कानूनी विवादों में रही थीं, समूह पर निवेशकों से जुड़े वित्तीय मामलों में नियमों के उल्लंघन सहित कई आरोप लगे थे, जिन्हें सहारा समूह ने समय-समय पर खारिज किया था, फिलहाल अलीगंज पुलिस ने नई एफआईआर के आधार पर जांच शुरू कर दी है। मामले में सामने आने वाले दस्तावेजों और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।
