लखनऊ, 25 अगस्त। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज मंगलवार को लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के जुपिटर हॉल में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री कृषि विभाग और मंडी परिषद में नवचयनित कुल 3572 युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे।
कार्यक्रम में कृषि विभाग के 3446 नवनियुक्त प्राविधिक सहायक (ग्रुप-सी) और मंडी परिषद के 126 नवनियुक्त मंडी सचिवों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। इन नियुक्तियों के जरिए युवाओं को सरकारी सेवा में नई जिम्मेदारी मिलने के साथ ही प्रदेश में रोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कार्यक्रम में चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र देने के साथ उन्हें संबोधित भी करेंगे। मुख्यमंत्री नवनियुक्त कार्मिकों को उनकी नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं देंगे और पारदर्शी एवं निष्पक्ष चयन प्रक्रिया के जरिए सरकारी सेवाओं में युवाओं को अवसर देने की सरकार की प्रतिबद्धता को भी रेखांकित करेंगे।
कार्यक्रम में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह और राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख समेत अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहेंगे।
नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम को प्रदेश सरकार की रोजगार और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
