वाराणसी में बाढ़ की स्थिति के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को जमीनी हालात का जायजा लेने काशी पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री आजमगढ़ से हेलीकॉप्टर के जरिए वाराणसी आएंगे। वाराणसी पहुंचने से पहले वह गंगा और वरुणा के बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण कर स्थिति का आकलन करेंगे।
पुलिस लाइन पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री सेफ हाउस में जनप्रतिनिधियों और पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों के साथ करीब 20 मिनट तक बैठक करेंगे। इस दौरान बाढ़ की स्थिति, राहत-बचाव अभियान और प्रभावित लोगों तक पहुंचाई जा रही मदद की समीक्षा की जाएगी।इसके बाद मुख्यमंत्री सलारपुर स्थित विद्या विहार इंटर कॉलेज में बनाए गए राहत शिविर पहुंचेंगे। यहां करीब 40 परिवारों के 160 से अधिक बाढ़ प्रभावित लोग रह रहे हैं।
मुख्यमंत्री पीड़ितों से सीधे बातचीत कर शिविर में मिल रही सुविधाओं का फीडबैक लेंगे और उन्हें आपदा राहत किट वितरित करेंगे।राहत शिविर के बाद मुख्यमंत्री कालभैरव और काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद शाम करीब 7:30 बजे बाबतपुर एयरपोर्ट से हेलीकॉप्टर के जरिए लखनऊ रवाना हो जाएंगे।मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस लाइन से राहत शिविर और मंदिरों तक जाने वाले मार्गों पर सड़क मरम्मत, लाइटिंग और बैरिकेडिंग का काम कराया जा रहा है। वहीं राहत शिविर में सफाई और रंग-रोगन भी कराया जा रहा है।
