उत्तर प्रदेश की समृद्ध कला, संस्कृति और लोक परंपराओं को देश-दुनिया के सामने नई रचनात्मक भाषा में प्रस्तुत करने की तैयारी है। अयोध्या, लखनऊ और वाराणसी में तीन बड़े कला आयोजन होंगे, जिनमें देशभर के वरिष्ठ कलाकारों के साथ युवा कलाकार और कला विद्यार्थी भी शामिल होंगे। इन आयोजनों में अयोध्या की राम-रामायण परंपरा, लखनऊ में देश की लोक एवं पारंपरिक कलाएं और काशी में गंगा व आध्यात्मिक विरासत कला का केंद्र रहेंगी।अयोध्या में 22 से 26 अक्टूबर तक डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के सहयोग से ‘राम, रामायण और अयोध्या’ राष्ट्रीय कार्यशाला एवं व्याख्यान श्रृंखला आयोजित होगी। राम की पैड़ी और गुप्तार घाट पर होने वाले इस आयोजन में करीब 25 कलाकार और 10 विशेषज्ञ हिस्सा लेंगे।
इसका उद्देश्य राम, रामायण और अयोध्या की सांस्कृतिक विरासत को कला के माध्यम से सामने लाना और नई पीढ़ी को इस जीवंत परंपरा से जोड़ना है।लखनऊ में 18 से 22 नवंबर तक राज्य ललित कला अकादमी की ओर से पांच दिवसीय ‘लोकधारा’ लोक एवं पारंपरिक कला शिविर आयोजित किया जाएगा। इसमें देश के अलग-अलग हिस्सों से करीब 35 से 40 लोक एवं पारंपरिक कला साधकों के साथ लखनऊ और आसपास के संस्थानों के 25 चयनित वरिष्ठ कला विद्यार्थी शामिल होंगे। शिविर में गोंड, भील, गोदना, पिथौरा, राजस्थानी, कोहबर और मधुबनी जैसी कला शैलियों से जुड़े कलाकार अपनी कला का लाइव प्रदर्शन करेंगे और विद्यार्थियों को तकनीक व रचनात्मक प्रक्रिया की जानकारी देंगे।‘लोकधारा’ में पद्मश्री और राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित कलाकारों के साथ युवा कलाकारों को सीधे संवाद और प्रशिक्षण का अवसर मिलेगा। पांच दिनों के दौरान लाइव कला निर्माण, मास्टरक्लास, तकनीकी संवाद, रचनात्मक अभ्यास और पारंपरिक तकनीकों पर व्यावहारिक प्रशिक्षण होगा। आयोजन में लखनऊ विश्वविद्यालय, डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय, एमिटी विश्वविद्यालय लखनऊ समेत कई शिक्षण संस्थानों का सहयोग रहेगा। इसका उद्देश्य पारंपरिक कलाओं को केवल प्रदर्शित करना नहीं, बल्कि उन्हें नई पीढ़ी तक पहुंचाना और समकालीन संदर्भ में उनकी प्रासंगिकता को सामने लाना है।
वहीं, वाराणसी में दिसंबर 2026 के दूसरे सप्ताह में गंगा तट पर चार दिवसीय ‘काशी फ्लो’ अंतरराष्ट्रीय कला शिविर एवं प्रदर्शनी आयोजित होगी। गंगा महासभा और राज्य ललित कला अकादमी के संयुक्त सहयोग से होने वाले इस आयोजन में देश के विभिन्न हिस्सों से कलाकार हिस्सा लेंगे। काशी और गंगा की आध्यात्मिक-सांस्कृतिक विरासत के साथ उत्तर प्रदेश की जीवंत परंपराओं को कला के माध्यम से अभिव्यक्त करने पर जोर रहेगा।‘काशी फ्लो’ में कला, आध्यात्मिकता, विरासत, लोकजीवन और गंगा के बीच संबंध को रचनात्मक अभिव्यक्ति दी जाएगी। अयोध्या की राम परंपरा, काशी विश्वनाथ धाम और प्रयागराज की कुंभ परंपरा जैसे सांस्कृतिक प्रतीकों को भी कलाकार अपनी रचनाओं के माध्यम से प्रस्तुत करेंगे। आयोजन की परिकल्पना भविष्य में कला और विरासत के संरक्षण के लिए रचनात्मक संवाद का मंच तैयार करने के रूप में की गई है।पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश की कला और संस्कृति आने वाली पीढ़ियों के लिए अमूल्य विरासत है। सरकार का प्रयास है कि इसे केवल संग्रहालयों और अभिलेखों तक सीमित न रखा जाए, बल्कि कलाकारों, विद्यार्थियों और आम लोगों के जीवन से जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि अयोध्या, लखनऊ और वाराणसी में होने वाले ये तीनों आयोजन इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।अपर मुख्य सचिव पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य विभाग अमृत अभिजात ने कहा कि इन आयोजनों का उद्देश्य परंपरा, रचनात्मकता और नई पीढ़ी के बीच निरंतर संवाद स्थापित करना है। ‘लोकधारा’ में पारंपरिक कला तकनीकों और प्रक्रियाओं का दस्तावेजीकरण भी किया जाएगा। साथ ही कलाकारों, शिक्षण संस्थानों और समुदाय के बीच सहयोग को मजबूत करने पर जोर रहेगा। सरकार इन पहलों के जरिए उत्तर प्रदेश की जीवंत सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी और देश-दुनिया के कला समुदाय तक पहुंचाने की दिशा में काम कर रही है।
