उत्तर प्रदेश में भारी बारिश और प्राकृतिक आपदा से प्रभावित परिवारों को योगी सरकार ने तत्काल आर्थिक सहायता पहुंचाई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर अयोध्या और बस्ती में आपदा प्रभावित परिवारों को घटना के 24 घंटे के भीतर चार-चार लाख रुपये की सहायता दी गई।अयोध्या और बस्ती के प्रभारी मंत्री एवं कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें आर्थिक सहायता के चेक सौंपे। उन्होंने पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाते हुए हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
अयोध्या में अतिवृष्टि और आंधी-तूफान के दौरान पेड़ गिरने से चार लोगों की मौत हुई। मृतकों में सोहावल के शिवदासपुर निवासी 18 वर्षीय आकाश वर्मा, मिल्कीपुर के 12 वर्षीय आर्यन, रुदौली के 76 वर्षीय रामस्वरूप और 40 वर्षीय धर्मराज शामिल हैं। मंत्री ने अयोध्या सर्किट हाउस में आकाश वर्मा, रामस्वरूप और धर्मराज के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की सहायता के चेक दिए।वहीं, बस्ती में भी आपदा से प्रभावित दो परिवारों को आर्थिक सहायता दी गई। बस्ती सदर तहसील के चौबाह गांव में आंधी के दौरान छप्पर गिरने से मोतीराम की मौत हुई थी। उनकी पत्नी कैलाशा देवी को चार लाख रुपये की सहायता दी गई।
महुली पश्चिम के बलुआ गांव निवासी प्रशांत की सर्पदंश से मौत के बाद उनकी मां मीरा देवी को भी चार लाख रुपये का चेक सौंपा गया।कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि प्रदेश सरकार आपदा की स्थिति में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों को बिना देरी राहत, चिकित्सा सुविधा और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों तक हर संभव मदद तत्काल पहुंचाने के निर्देश दिए।

