Akhilesh Yadav Gorakhpur Visit: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का गोरखपुर दौरा जारी है। उनके PDA रथ के साथ निकला रोड शो करजहां से होते हुए चौरीचौरा के देवकही गांव की ओर बढ़ रहा है। रास्ते में हजारों की संख्या में सपा कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद हैं। रामनगर करजहां चौराहे पर जेसीबी यानी बुलडोजर सजाकर अखिलेश यादव का स्वागत किया गया। रोड शो में भारी भीड़ के चलते उनका काफिला निर्धारित समय से पीछे चल रहा है।
Gorakhpur Road Show: एयरपोर्ट पर ढोल-नगाड़ों के साथ हुआ स्वागत

जानकारी के अनुसार, अखिलेश यादव दोपहर करीब 12 बजे गोरखपुर एयरपोर्ट पहुंचे। यहां समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका जोरदार स्वागत किया।एयरपोर्ट से निकलने के बाद अखिलेश यादव PDA रथ पर सवार होकर करीब 20 किलोमीटर लंबे रोड शो के लिए रवाना हुए। यह रोड शो गोरखपुर एयरपोर्ट से चौरीचौरा के देवकही गांव तक प्रस्तावित है।
करजहां में बुलडोजर सजाकर हुआ अखिलेश यादव का स्वागत

अखिलेश यादव के रोड शो के दौरान रामनगर करजहां चौराहे पर कार्यकर्ताओं ने जेसीबी यानी बुलडोजर को सजाकर उनका स्वागत किया।जानकारी के मुताबिक, दोपहर 2:24 बजे करजहां में बुलडोजर खड़ा नजर आया, जबकि दोपहर 3:07 बजे अखिलेश यादव का काफिला करजहां पहुंचा। इस दौरान सड़क के दोनों ओर हजारों की संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।PDA रथ के साथ चल रहे काफिले को देखने के लिए भी लोगों की भीड़ जुटी रही।
चौरीचौरा में शहीद बाबू बंधू सिंह की प्रतिमा का करेंगे अनावरण
अखिलेश यादव के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, उन्हें दोपहर 2 बजे चौरीचौरा के देवकही गांव पहुंचना था। यहां शहीद बाबू बंधू सिंह की प्रतिमा का अनावरण प्रस्तावित है।इसके साथ ही पूर्व छात्रनेता विनय कुमार सिंह उर्फ बिन्नू सिंह की 10वीं पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में भी उन्हें शामिल होना है।हालांकि, रोड शो के दौरान भारी भीड़ उमड़ने के कारण उनका काफिला निर्धारित समय से पीछे चल रहा है।
हरिशंकर तिवारी के परिवार से भी करेंगे मुलाकात
कार्यक्रम के अनुसार, चौरीचौरा से दोपहर 3:30 बजे रवाना होकर अखिलेश यादव को करीब 3:45 बजे जटाशंकर स्थित तिवारी हाता पहुंचना है।यहां वे पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वर्गीय हरिशंकर तिवारी के परिवार से मुलाकात करेंगे। इसके बाद शाम करीब 4:15 बजे गोरखपुर एयरपोर्ट के लिए रवाना होकर लखनऊ लौटने का कार्यक्रम निर्धारित है।
गोरखपुर में PDA रथ रोड शो को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह
अखिलेश यादव के गोरखपुर दौरे को लेकर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। एयरपोर्ट से लेकर करजहां और चौरीचौरा तक जगह-जगह समर्थकों की भीड़ जुटी हुई है।फिलहाल अखिलेश यादव का काफिला करजहां से चौरीचौरा के देवकही गांव की ओर बढ़ रहा है। रोड शो में उमड़ी भीड़ के कारण कार्यक्रम में देरी हो रही है।

