उत्तराखंड में दो नवंबर को आदि कैलाश क्षेत्र में आयोजित होने जा रही हाई-एल्टीट्यूड अल्ट्रा मैराथन के चलते प्रशासन ने आदि कैलाश जाने वाले पर्यटकों के लिए परमिट जारी करना फिलहाल बंद कर दिया है। यह कदम धावकों को सुरक्षित और शांत वातावरण मुहैया कराने के लिए उठाया गया है।
पर्यटन विभाग के अनुसार, इस अल्ट्रा मैराथन में देशभर से लगभग 1000 धावक हिस्सा लेंगे। इसके मद्देनजर धावकों के रहने, खाने और मार्ग की व्यवस्था को सहज बनाने के लिए 25 अक्टूबर से आदि कैलाश यात्रियों के लिए परमिट जारी नहीं किए जाएंगे। पर्यटन सचिव धीराज गर्ब्याल ने बताया कि परमिट बंद करने का निर्णय केवल यात्रियों के लिए है, न कि धावकों या उनके परिवार के लिए। अगर मैराथन के दौरान पर्यटकों की संख्या अधिक रहती, तो धावकों को असुविधा हो सकती है और उनकी व्यवस्था प्रभावित होगी । इसके साथ ही पर्यटन सचिव ने बताया कि उत्तराखंड इस वर्ष अपने रजत जयंती वर्ष मना रहा है, और हाई एल्टीट्यूड अल्ट्रा मैराथन को मुख्य इवेंट के रूप में आयोजित किया गया है।
Also Read-उत्तर प्रदेश में छठ महापर्व की धूम, सीएम योगी ने दी शुभकामनाएं
उत्तराखण्ड, भारत में पहला ऐसा राज्य है जहां राज्य सरकार की ओर से खुद हाई एल्टीट्यूड मैराथन का आयोजन किया जा रहा है। धीराज गर्ब्याल ने आगे कहा कि जैसे ही मैराथन संपन्न होगी, पर्यटकों के लिए फिर से परमिट जारी कर दिए जाएंगे, ताकि आदि कैलाश की यात्रा सुगम और सुरक्षित रहे।



