उत्तर प्रदेश में बाल शिक्षा को नई दिशा देने के उद्देश्य से योगी सरकार द्वारा बालवाटिका (3 से 6 वर्ष आयु वर्ग) को केवल प्रारंभिक शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि भविष्य के सक्षम, संवेदनशील और सृजनशील नागरिकों के निर्माण की पहली प्रयोगशाला के रूप में विकसित किया जा रहा है। यह पहल प्रारंभिक बाल्यावस्था शिक्षा को एक समग्र और संतुलित दृष्टिकोण प्रदान करती है।
पंचकोश सिद्धांत पर आधारित पाठ्यक्रम
बालवाटिका के नवीन पाठ्यक्रम में भारतीय ज्ञान परंपरा के ‘पंचकोश’ सिद्धांत को वैज्ञानिक रूप से बाल विकास के पांच प्रमुख आयामों से जोड़ा गया है
- अन्नमय कोष : शारीरिक विकास
- प्राणमय कोष : सामाजिक-भावनात्मक एवं नैतिक विकास
- मनोमय कोष : भाषा एवं साक्षरता
- विज्ञानमय कोष : संज्ञानात्मक विकास
- आनंदमय कोष : सौंदर्यबोध विकास
इस दृष्टिकोण के अनुरूप एससीईआरटी द्वारा “चहक”, “कदम” और “कलांकुर” जैसी वर्कबुक, गतिविधि पुस्तिकाएं, चित्रकथाएं, संख्या ज्ञान तथा कला एवं संगीत आधारित सामग्री विकसित की गई है, यह सामग्री खेल, कहानी और गतिविधि आधारित शिक्षण पद्धति को बढ़ावा देती है।
उद्देश्य: मजबूत नींव, उज्ज्वल भविष्य
इस पाठ्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों के व्यक्तित्व के प्रत्येक पहलू को संतुलित रूप से विकसित करना है खेल, गतिविधि और अनुभव आधारित शिक्षण के माध्यम से बच्चों को बिना किसी दबाव के सीखने का अवसर दिया जा रहा है, कहानी, संवाद, चित्रकला और समूह गतिविधियों के जरिए बच्चों में भाषा, संख्यात्मक कौशल और सामाजिक व्यवहार का विकास किया जा रहा है।
बाल विकास के प्रमुख चरण
पाठ्यक्रम में निम्नलिखित विकास आयामों पर विशेष ध्यान दिया गया है—
- शारीरिक विकास के लिए खेलकूद
- भाषा विकास के लिए संवाद आधारित गतिविधियां
- संज्ञानात्मक विकास के लिए जिज्ञासा आधारित शिक्षण
- सामाजिक एवं नैतिक विकास के लिए समूह सहभागिता
- सौंदर्यबोध के लिए रचनात्मक गतिविधियां
इससे बच्चों में आत्मविश्वास, संवेदनशीलता और सृजनात्मक सोच विकसित होगी।
सकारात्मक भविष्य की दिशा
विशेषज्ञों के अनुसार 3 से 6 वर्ष की आयु बच्चों के विकास की सबसे महत्वपूर्ण अवस्था होती है, जिसमें लगभग 85% क्षमताओं का विकास होता है, ऐसे में बालवाटिका के लिए तैयार यह समग्र और गुणवत्तापूर्ण पाठ्यक्रम बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखेगा, योगी सरकार की यह पहल न केवल शैक्षणिक विकास बल्कि बच्चों के शरीर, मन, बुद्धि और भावनाओं के संतुलित विकास को सुनिश्चित करेगी, जिससे वे आगे चलकर जिम्मेदार और सशक्त नागरिक बन सकें।






