Home Accident मिर्जापुर में भीषण टक्कर के बाद बोलेरो धू-धू कर जली, 11 की...

मिर्जापुर में भीषण टक्कर के बाद बोलेरो धू-धू कर जली, 11 की दर्दनाक मौत

25
0

उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में बुधवार रात एक भयावह सड़क हादसे ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। रीवा-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर ड्रमंडगंज घाटी की ढलान पर तेज रफ्तार और ब्रेक फेल ट्रक ने ऐसा कहर बरपाया कि चार वाहन आपस में टकरा गए। हादसे में एक बोलेरो आग का गोला बन गई, जिसमें सवार 9 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। कुल मिलाकर इस दर्दनाक हादसे में 11 लोगों की जान चली गई।

हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़े, लेकिन आग इतनी तेजी से फैल गई कि बोलेरो सवार लोगों को बचाने का कोई मौका नहीं मिल सका।

पुलिस के मुताबिक, मध्य प्रदेश से चना लादकर आ रहा एक ट्रक ड्रमंडगंज घाटी की ढलान पर अचानक ब्रेक फेल होने के कारण बेकाबू हो गया। तेज रफ्तार ट्रक ने सामने चल रही बोलेरो को जोरदार टक्कर मारी और उसे आगे चल रहे गिट्टी से भरे ट्रक में धकेल दिया। इसी दौरान पीछे से आ रहा एक अन्य ट्रक भी नियंत्रण खो बैठा और आगे चल रही कार से टकरा गया। कुछ ही पलों में सड़क पर आग, मलबा और अफरा-तफरी का मंजर छा गया।

टक्कर के तुरंत बाद बोलेरो में आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। वाहन में सवार लोग बाहर निकलने का मौका भी नहीं पा सके। हादसे में बोलेरो सवार 9 लोगों के अलावा एक कार सवार और एक ट्रक चालक की भी मौत हो गई, जिससे मृतकों की संख्या 11 पहुंच गई।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के अनुसार, बोलेरो में सवार सभी लोग प्रयागराज के मांडा क्षेत्र के हाटा गांव के निवासी थे और मैहर धाम से दर्शन कर वापस लौट रहे थे। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस दुखद हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है और घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here