इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का 39वां मुकाबला आज दिल्ली में खेला जाएगा, जहां दिल्ली कैपिटल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीमें आमने-सामने होंगी। दोनों टीमों के लिए यह मैच बेहद अहम है, क्योंकि एक ओर दिल्ली अपनी स्थिति सुधारना चाहेगी, वहीं बेंगलुरु की नजरें शीर्ष स्थान पर पहुंचने की होंगी।
इस सत्र में दोनों टीमों के बीच पहले खेले गए मुकाबले में दिल्ली ने आखिरी ओवर में 6 विकेट से जीत हासिल की थी। हालांकि, मौजूदा प्रदर्शन की बात करें तो बेंगलुरु की टीम मजबूत नजर आ रही है। उसने अब तक 7 में से 5 मैच जीते हैं और अंक तालिका में दूसरे स्थान पर है। वहीं दिल्ली 7 में से 4 मुकाबले हारकर सातवें स्थान पर है और उसे वापसी की सख्त जरूरत है।
यह मुकाबला कोहली और केएल राहुल के बीच दिलचस्प रहेगा विराट कोहली शानदार फॉर्म में हैं और उन्हें लीग में 9000 रन पूरे करने के लिए केवल 11 रनों की जरूरत है। दिल्ली का यह मैदान उनके लिए खास रहा है, जहां उन्होंने कई शानदार पारियां खेली हैं। दूसरी ओर दिल्ली के कप्तान केएल राहुल से टीम को बड़ी उम्मीदें होंगी। उन्होंने पिछले मुकाबले में नाबाद 152 रन बनाए थे, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके थे।
बेंगलुरु की टीम इस सत्र में संतुलित प्रदर्शन कर रही है। उसकी जीत में अलग-अलग खिलाड़ियों ने योगदान दिया है। आरसीबी के लिए तेज गेंदबाजी में भुवनेश्वर कुमार और हेज़लवुड की जोड़ी शानदार लय में है और हर परिस्थिति में प्रभावी साबित हो रही है।
वहीं दिल्ली के लिए कुछ चिंताएं भी बनी हुई हैं। टीम की क्षेत्ररक्षण इस सत्र में कमजोर रही है और कई आसान कैच छूटे हैं। इसके अलावा तेज गेंदबाज लुंगी एनगिंड़ी चोटिल हैं, जिससे गेंदबाजी विभाग प्रभावित हुआ है। उनकी जगह
चमीरा को मौका मिल सकता है। कुल मिलाकर, यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है और इसके नतीजे का असर अंक तालिका पर साफ दिखाई देगा।






