जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने शनिवार सुबह प्राथमिक शिक्षा की गुणवत्ता परखने के उद्देश्य से प्राथमिक विद्यालय दानोपुर एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय परासिया मिश्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालयों की शिक्षण व्यवस्था, पठन-पाठन और छात्रों के शैक्षिक स्तर का जायजा लिया।

जिलाधिकारी ने बच्चों से संवाद करते हुए विभिन्न विषयों से संबंधित प्रश्न पूछे और उनकी पढ़ाई की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने शिक्षकों को निर्देश दिया कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की जाए तथा उनमें मेहनत और लगन की भावना विकसित की जाए।

सबसे पहले जिलाधिकारी प्राथमिक विद्यालय दानोपुर पहुंचे, जहां उन्होंने कक्षा दो एवं पांच के विद्यार्थियों से बातचीत की। कक्षा दो के बच्चों से अंग्रेजी पढ़वाई तथा कक्षा पांच के विद्यार्थियों से ब्लैकबोर्ड पर गणित का सवाल पूछा। बच्चों द्वारा सही उत्तर दिए जाने पर उन्होंने संतोष व्यक्त करते हुए शिक्षकों की सराहना की और शिक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।

इसके बाद जिलाधिकारी उच्च प्राथमिक विद्यालय परासिया मिश्र पहुंचे, जहां उन्होंने विद्यालय में नामांकन की स्थिति की जानकारी ली। यहां कक्षा सात के विद्यार्थियों से गणित एवं अंग्रेजी विषय से संबंधित प्रश्न पूछे गए। बच्चों द्वारा संतोषजनक उत्तर दिए जाने पर जिलाधिकारी ने प्रसन्नता व्यक्त की तथा शिक्षकों को इसी तरह लगन के साथ अध्यापन कार्य जारी रखने के लिए प्रेरित किया।
ALSO READ:अखिलेश यादव के लंबे बालों पर राजभर का हमला, आजम खान और टोटके का किया जिक्र
निरीक्षण के दौरान प्राथमिक विद्यालय दानोपुर में एक ओर बाउंड्रीवाल नहीं होने की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी ने खंड शिक्षा अधिकारी से फोन पर वार्ता कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान प्राथमिक विद्यालय दानोपुर में सहायक अध्यापक दिनेश सिंह, नीलम मौर्य एवं शिक्षामित्र पिंकी राय उपस्थित रहीं, जबकि उच्च प्राथमिक विद्यालय परासिया मिश्र में प्रधानाध्यापक अर्चना सिंह एवं सहायक अध्यापक पूनम सिंह मौजूद रहीं।






