उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है. लंबे समय से चल रही योगी कैबिनेट विस्तार की अटकलों पर अब जल्द विराम लग सकता है. सूत्रों के मुताबिक रविवार 10 मई को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपनी कैबिनेट का विस्तार कर सकते हैं. इसके साथ ही उन छह संभावित नेताओं के नाम भी सामने आ गए हैं जिन्हें मंत्री पद की शपथ दिलाई जा सकती है.
यूपी कैबिनेट में खाली हैं 6 पद
फिलहाल उत्तर प्रदेश सरकार में कुल 54 मंत्री हैं, जबकि कैबिनेट में 60 मंत्रियों तक की व्यवस्था है. ऐसे में अभी छह पद खाली हैं और माना जा रहा है कि इन्हीं सीटों को भरने की तैयारी लगभग पूरी कर ली गई है, सूत्रों के मुताबिक जिन नेताओं के नाम सबसे आगे चल रहे हैं उनमें कृष्णा पासवान, पूजा पाल, मनोज पाण्डेय, भूपेंद्र चौधरी, अशोक कटारिया और रोमी साहनी शामिल हैं. इन नामों के सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं और तेज हो गई हैं.
Also Read – कोलकाता पहुंचे CM योगी, शुभेंदु अधिकारी के शपथ ग्रहण से पहले एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत
चुनाव से पहले बड़ा राजनीतिक संदेश
राज्य में 2027 विधानसभा चुनाव को देखते हुए इस मंत्रिमंडल विस्तार को बेहद अहम माना जा रहा है. बीजेपी संगठन और सरकार दोनों स्तर पर सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन साधने की कोशिश में जुटी हुई है. माना जा रहा है कि नए चेहरों को शामिल कर पार्टी अलग-अलग वर्गों को साधने का प्रयास करेगी, सूत्रों का दावा है कि इस विस्तार में किसी मौजूदा मंत्री को हटाए जाने की संभावना बेहद कम है. साथ ही विभागों में बड़े बदलाव की भी उम्मीद नहीं जताई जा रही है.
पूजा पाल और मनोज पाण्डेय के नाम पर चर्चा तेज
सबसे ज्यादा चर्चा समाजवादी पार्टी की बागी विधायक पूजा पाल और मनोज पाण्डेय के नाम को लेकर हो रही है. राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इन चेहरों को कैबिनेट में शामिल करना विपक्ष के लिए बड़ा संदेश हो सकता है, इसके अलावा बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी का नाम भी चर्चाओं में है. हालांकि अंतिम फैसला मुख्यमंत्री और पार्टी हाईकमान की सहमति के बाद ही होगा.
राज्यपाल से मिलेंगे सीएम योगी
कैबिनेट विस्तार की अटकलों के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार शाम राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से मुलाकात करेंगे. माना जा रहा है कि इस बैठक में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर अंतिम चर्चा हो सकती है, राजनीतिक गलियारों में अब सबकी नजर रविवार पर टिकी हुई है. अगर सब कुछ तय योजना के मुताबिक हुआ तो उत्तर प्रदेश की योगी सरकार में कई नए चेहरे शपथ लेते नजर आ सकते हैं.






