पंजाब में खेल और खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए आज एक बड़ा आयोजन होने जा रहा है। मुख्यमंत्री Bhagwant Mann चंडीगढ़ में आयोजित भव्य राज्य स्तरीय समारोह में 87 खिलाड़ियों को पंजाब के सर्वोच्च खेल सम्मान ‘महाराजा रणजीत सिंह अवॉर्ड’ से सम्मानित करेंगे।
इस खास मौके पर खिलाड़ियों को सिर्फ सम्मान ही नहीं, बल्कि करोड़ों रुपये की इनामी राशि भी दी जाएगी। पंजाब सरकार कुल 32 करोड़ 5 लाख रुपये की राशि खिलाड़ियों और अवॉर्ड विजेताओं में वितरित करेगी। मुख्यमंत्री खुद खिलाड़ियों को सम्मान चिह्न और नकद पुरस्कार सौंपेंगे।
समारोह में भारतीय हॉकी टीम और महिला क्रिकेट टीम में शामिल पंजाब के स्टार खिलाड़ियों को भी विशेष सम्मान दिया जाएगा। इसके अलावा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मेडल जीतकर पंजाब और देश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को मंच पर सम्मानित किया जाएगा।
सरकार का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करना और पंजाब में खेल संस्कृति को फिर से मजबूत बनाना है। विभिन्न श्रेणियों के हजारों खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि देकर बेहतर प्रदर्शन के लिए मोटिवेट किया जाएगा। पंजाब सरकार अब राज्य को फिर से देश का बड़ा स्पोर्ट्स हब बनाने की दिशा में काम कर रही है… और ‘महाराजा रणजीत सिंह अवॉर्ड’ समारोह को उसी विजन का अहम हिस्सा माना जा रहा है।






