लखनऊ में बकरीद से पहले बकरा मंडी में ठगी का खेल शुरू हो गया है। दलाल लोगों को बीमार और खराब नस्ल के बकरे बेच रहे हैं। चौंकाने वाली बात ये है कि एक खरीदार को ऐसा बकरा थमा दिया गया जिसके सीने में टांके लगे थे। बकरीद नजदीक आते ही मंडियों में भीड़ बढ़ी है और दलाल इसका फायदा उठा रहे हैं।
बकरीद से ठीक पहले लखनऊ की बकरा मंडियों में दलालों की चांदी हो गई है। दुबग्गा और कैसरबाग मंडी में सबसे ज्यादा भीड़ है, लेकिन यहां ग्राहकों के साथ ठगी भी खूब हो रही है।
दलाल बीमार, कमजोर और घटिया नस्ल के बकरों को ऊंचे दामों पर बेच रहे हैं।
कई बकरों को इंजेक्शन देकर फुलाया जा रहा है ताकि वजन ज्यादा दिखे। ताजा मामला दुबग्गा मंडी का है जहां एक ग्राहक ने 66 हजार का बकरा खरीदा। घर ले जाकर देखा तो बकरे के सीने पर टांके लगे थे। आशंका है कि ऑपरेशन के बाद उसे बेच दिया गया। खरीदारों का कहना है कि दलाल जानबूझकर खराब माल बेच रहे हैं। बकरीद की जल्दबाजी में लोग परख नहीं पा रहे। पशु डॉक्टरों ने भी चेतावनी दी है कि बीमार बकरे की कुर्बानी जायज नहीं होती और ऐसा मांस सेहत के लिए भी खतरनाक है।
नगर निगम और पशुपालन विभाग मंडी में जांच की बात कर रहा है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। खरीदारों से अपील है कि बकरा खरीदते समय सींग, दांत, आंख और चाल जरूर चेक करें। संदिग्ध लगे तो पशु डॉक्टर से जांच कराएं।






