उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में चर्चित होटल व्यवसायी विनीत राय उर्फ हनी हत्याकांड के मुख्य आरोपियों में शामिल 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश कमलेश बिंद को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया है। देर रात सदर कोतवाली क्षेत्र के कुर्था इलाके में हुई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस और बदमाश के बीच कई राउंड फायरिंग हुई। मुठभेड़ में कमलेश बिंद गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे पुलिस तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के मुताबिक कमलेश बिंद कुख्यात कटरा गैंग का सक्रिय सदस्य था और 30 मई को गौसाबाद स्थित बिंदु होटल के सामने होटल संचालक विनीत राय की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में नामजद आरोपी था। घटना के बाद से वह फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
बताया जा रहा है कि करंडा थाना क्षेत्र में पुलिस को कमलेश की मौजूदगी की सूचना मिली थी। घेराबंदी के दौरान बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में हुई मुठभेड़ में वह ढेर हो गया। इस दौरान एक पुलिसकर्मी के घायल होने की भी सूचना है, जिसका उपचार कराया जा रहा है।
गौरतलब है कि 30 मई की रात बाइक सवार बदमाशों ने होटल व्यवसायी विनीत राय उर्फ हनी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद जिले में भारी आक्रोश फैल गया था और पुलिस पर आरोपियों की गिरफ्तारी का दबाव बढ़ गया था।
जांच में इस हत्याकांड में कटरा गैंग से जुड़े शंकर पांडेय, सोनू उर्फ जगदीश यादव, आलोक दुबे और कमलेश बिंद के नाम सामने आए थे। कमलेश के मारे जाने के बाद पुलिस अब फरार अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।






