Home Breaking News यूपी की पीड़ित महिलाओं को योगी सरकार की बड़ी सौगात, मिलेगा मुफ्त...

यूपी की पीड़ित महिलाओं को योगी सरकार की बड़ी सौगात, मिलेगा मुफ्त पक्का मकान और स्वास्थ्य बीमा

56
0

तीन तलाक और एसिड अटैक पीड़ित महिलाओं के लिए सरकार का बड़ा कदम

उत्तर प्रदेश सरकार तीन तलाक और एसिड अटैक जैसी गंभीर सामाजिक त्रासदियों का सामना करने वाली महिलाओं को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए महत्वपूर्ण पहल कर रही है, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर ऐसी महिलाओं को प्रधानमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत पक्का मकान उपलब्ध कराया जाएगा, इसके साथ ही उन्हें स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करने के लिए आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना और मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना से भी जोड़ा जाएगा।

महिला कल्याण विभाग जुटा रहा सत्यापित डाटा

इस पहल को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए महिला कल्याण विभाग ने तीन तलाक और एसिड अटैक पीड़ित महिलाओं के साथ-साथ निराश्रित महिलाओं का विस्तृत और सत्यापित डाटा एकत्रित करना शुरू कर दिया है, विभाग जल्द ही शासनादेश जारी कर पात्र महिलाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया शुरू करेगा।

स्वास्थ्य बीमा का भी मिलेगा लाभ

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाल ही में हुई उच्चस्तरीय बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जिन महिलाओं के पास स्थायी आवास नहीं है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर आवास योजनाओं का लाभ दिया जाए, साथ ही इन महिलाओं और उनके आश्रित परिवार के सदस्यों को स्वास्थ्य बीमा योजनाओं से भी जोड़ा जाएगा, ताकि उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकें।

Also Read – वाराणसी में बनेगा दुनिया का सबसे ऊंचा शिवलिंग, 100 करोड़ रुपये की परियोजना को मिली रफ्तार

विभागों के बीच समन्वय से होगी मदद

महिला कल्याण विभाग अन्य संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर लाभार्थी महिलाओं की सूची तैयार कर रहा है, विशेष रूप से एसिड अटैक पीड़ित महिलाओं को लंबे समय तक इलाज, सर्जरी और पुनर्वास की आवश्यकता होती है, इसे ध्यान में रखते हुए सरकार उनके लिए स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दे रही है, वहीं तीन तलाक से प्रभावित महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने के लिए भी व्यापक योजना तैयार की जा रही है।

कोई पात्र महिला न रहे वंचित

राज्य सरकार का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र महिला जानकारी के अभाव या प्रशासनिक प्रक्रियाओं की जटिलताओं के कारण सरकारी योजनाओं से वंचित न रह जाए, इसके लिए लाभार्थियों की पहचान और सत्यापन की प्रक्रिया तेजी से पूरी की जा रही है, शासनादेश जारी होने के बाद पात्र महिलाओं को आवास और स्वास्थ्य बीमा योजनाओं से जोड़ने का कार्य शुरू किया जाएगा।

महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में अहम पहल

सरकार की यह पहल महिलाओं को सुरक्षित आवास, स्वास्थ्य सुविधाएं और सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है, इससे हजारों जरूरतमंद और पीड़ित महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने तथा सम्मानजनक जीवन जीने में सहायता मिलेगी।