Home Breaking News अखिलेश यादव ने क्यों कहा- “तो भविष्य में कभी चुनाव नहीं होगा”?...

अखिलेश यादव ने क्यों कहा- “तो भविष्य में कभी चुनाव नहीं होगा”? जानिए पूरा मामला

28
0

अखिलेश यादव का बड़ा बयान: “अगर यूपी में भी चुनाव लूट लिया गया तो भविष्य में कभी चुनाव नहीं होगा”

समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को कासगंज में मीडिया से बातचीत के दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोला, उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश कर रही है और यदि उत्तर प्रदेश में भी ऐसा हुआ तो लोकतंत्र के लिए गंभीर खतरा पैदा हो सकता है।

अखिलेश यादव ने कहा, “पश्चिम बंगाल का चुनाव इन्होंने लूटा है और बिहार के चुनाव में बेईमानी की है, अगर यही लूट और यही बेईमानी उत्तर प्रदेश में हो गई तो इसके बाद भविष्य में कभी चुनाव नहीं होगा।”

डिलिमिटेशन और महिला आरक्षण पर उठाए सवाल

सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा महिला आरक्षण के साथ डिलिमिटेशन लागू करने की तैयारी कर रही थी, उनका आरोप है कि इसके जरिए लोकसभा क्षेत्रों का ऐसा पुनर्गठन किया जा सकता है जिससे विपक्षी दलों के नेताओं के लिए चुनाव जीतना मुश्किल हो जाए, उन्होंने कहा, “ये अपने हिसाब से लोकसभा क्षेत्र बनाना चाहते हैं ताकि विपक्ष के नेता जीत न पाएं।”

डबल इंजन सरकार पर साधा निशाना

कासगंज और एटा के विकास को लेकर भी अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार की आलोचना की उन्होंने दावा किया कि समाजवादी सरकारों ने इन क्षेत्रों के विकास के लिए लगातार काम किया, लेकिन वर्तमान सरकार अपेक्षित विकास नहीं कर पाई उन्होंने कहा, “आज अगर तुलना की जाए तो एटा और कासगंज विकास की दौड़ में पीछे छूट गए हैं। यहां का किसान परेशान है और आम जनता महंगाई से त्रस्त है। विकास आते-आते डबल इंजन सरकार का धुआं निकल गया है,” सपा प्रमुख ने यह भी कहा कि भाजपा को सत्ता से हटाने के लिए पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) परिवार पूरी तरह तैयार है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर टिप्पणी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए, जिसमें उन्होंने कहा था कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश की कोई पहचान नहीं थी, अखिलेश यादव ने पलटवार किया, उन्होंने कहा, “सच्चाई यह है कि मुख्यमंत्री की खुद की कोई पहचान 2017 से पहले नहीं थी, हो सकता है कि वे 2017 से पहले कासगंज या एटा भी न आए हों। जिन्हें अपनी पहचान 2017 के बाद मिली है, वही आज कह रहे हैं कि यूपी की कोई पहचान नहीं थी।”

जाति जनगणना और महंगाई का मुद्दा

अखिलेश यादव ने दावा किया कि जाति जनगणना के मुद्दे पर भाजपा भी अब समाजवादी पार्टी की बात मानने को मजबूर हुई है, इसके अलावा उन्होंने केंद्र सरकार के 12 साल पूरे होने पर भी सवाल उठाए, उन्होंने कहा, “इनकी 12 सालों की सबसे बड़ी उपलब्धि यही है कि डीजल, पेट्रोल, खाद, रसोई गैस और कमर्शियल सिलेंडर ऐतिहासिक महंगाई के साथ बिक रहे हैं।”

राजनीतिक बयान से बढ़ी हलचल

अखिलेश यादव के इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में नई बहस छिड़ गई है, चुनावी पारदर्शिता, डिलिमिटेशन, महंगाई और विकास जैसे मुद्दों को लेकर सपा और भाजपा के बीच राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज होने की संभावना है।