अयोध्या स्थित राम मंदिर के चढ़ावे में कथित गड़बड़ी और धन के दुरुपयोग के मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा जांच पर सवाल उठाए जाने के बाद जनता दल (यूनाइटेड) ने पहली बार अपनी प्रतिक्रिया दी है, पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद संजय झा ने कहा कि मामले की जांच निष्पक्ष तरीके से की जा रही है और SIT की रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई शुरू हो चुकी है।
अखिलेश यादव के आरोपों पर JDU का जवाब
संजय झा ने कहा कि राम मंदिर करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है और उससे जुड़ी किसी भी तरह की अनियमितता दुखद है, उन्होंने कहा कि सरकार ने मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया था, जिसने अपनी रिपोर्ट सौंप दी है उन्होंने कहा, “राम मंदिर सभी की आस्था का केंद्र है। लोगों की भावनाएं इससे जुड़ी हैं, यदि कोई गड़बड़ी हुई है तो उसकी जांच की गई है, SIT अपनी रिपोर्ट दे चुकी है और उसी के आधार पर कार्रवाई भी शुरू हो गई है।”
Also Read – श्रीराम जन्मभूमि दान प्रकरण में 8 नामजद एवं अज्ञात आरोपियों पर दर्ज हुई एफआईआर
यह बयान उस समय आया है जब अखिलेश यादव ने आरोप लगाया था कि जांच के नाम पर बड़े लोगों को बचाने की कोशिश की जा रही है और सबूतों से छेड़छाड़ की जा रही है।
निशांत कुमार को लेकर भी बोले संजय झा
संजय झा ने बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के कामकाज पर भी प्रतिक्रिया दी, उन्होंने कहा कि निशांत कुमार कम बोलते हैं और काम पर ज्यादा ध्यान देते हैं, उनके मुताबिक, यह कार्यशैली मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सोच से मेल खाती है, जिसमें प्रचार से अधिक विकास कार्यों पर जोर दिया जाता है, उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य जिला और प्रखंड स्तर पर बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है ताकि लोगों को छोटी-छोटी जरूरतों के लिए पटना न आना पड़े। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं में और सुधार देखने को मिलेगा।
मामला क्यों है चर्चा में?
अयोध्या राम मंदिर के चढ़ावे में कथित वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों के बाद इस मामले की जांच SIT को सौंपी गई थी। जांच के बाद रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई शुरू होने का दावा किया गया है, लेकिन विपक्ष लगातार जांच की निष्पक्षता पर सवाल उठा रहा है। ऐसे में यह मामला अब कानूनी जांच के साथ-साथ राजनीतिक बहस का भी विषय बन गया है।






