लखनऊ, 5 जुलाई। उत्तर प्रदेश में 12 जुलाई (रविवार) को आयोजित होने वाला पौधरोपण महाभियान-2026 एक बार फिर नया कीर्तिमान बनाने जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पूरे प्रदेश में एक ही दिन में 35 करोड़ पौधे लगाए जाएंगे। अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने के लिए सभी विभागों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, स्कूल-कॉलेजों और आम नागरिकों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। महाभियान की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार समीक्षा बैठकें करेंगे। वह जनप्रतिनिधियों से संवाद कर अभियान की रणनीति पर चर्चा करेंगे, जबकि वन मंत्री भी विभिन्न विभागों के मंत्रियों और अधिकारियों के साथ समन्वय बैठकों के जरिए तैयारियों की समीक्षा करेंगे।
इस अभियान में वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग सबसे अधिक 15.50 करोड़ पौधे लगाएगा। इसके अलावा ग्राम्य विकास विभाग 10 करोड़, कृषि विभाग 3.25 करोड़, उद्यान विभाग 1.50 करोड़ और पंचायती राज विभाग 1.22 करोड़ पौधों का रोपण करेगा। अभियान का नोडल विभाग वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग होगा।
इस वर्ष अभियान के तहत समरस वन, समृद्धि वन, कृषि वन, ऊर्जा वन और कपि वन जैसे कई नए विशिष्ट वनों की स्थापना की जाएगी। वहीं मिशन छाया के तहत सड़क किनारे और सार्वजनिक स्थलों पर बड़े पैमाने पर छायादार पौधे लगाए जाएंगे। इसके अलावा अविरल धारा पौधरोपण, सहजन भंडारा और आम भंडारा जैसी विशेष पहल भी अभियान का हिस्सा होंगी।
वन विभाग ने महाभियान के लिए अपनी करीब 2,000 नर्सरियों में 52.44 करोड़ पौधे तैयार किए हैं। इनका वितरण अभियान से पहले पूरा किया जाएगा, ताकि सभी जिलों में समय पर पौधरोपण सुनिश्चित हो सके। इस बार 594 किलोमीटर लंबे गंगा एक्सप्रेसवे के दोनों किनारों पर भी 5.50 लाख पौधे लगाए जाएंगे। यहां पीपल, बरगद, पाकड़, नीम, महुआ, आम, अर्जुन, अमलतास, कचनार, गुलमोहर सहित कई छायादार और पर्यावरण संरक्षण में उपयोगी प्रजातियों को प्राथमिकता दी जाएगी। पौधों की सुरक्षा के लिए फेंसिंग और सिंचाई के लिए ड्रिप इरिगेशन की व्यवस्था भी की जाएगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्देश दिए हैं कि इस महाभियान को केवल सरकारी कार्यक्रम न मानकर जनउत्सव के रूप में मनाया जाए। इसके लिए सभी जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, एनसीसी, एनएसएस, नेहरू युवा केंद्र, युवक एवं महिला मंगल दल, रोटरी क्लब, लायंस क्लब, इको क्लब, एफपीओ, व्यापार मंडलों और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से जुड़े किसानों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं विभागाध्यक्ष सुनील चौधरी ने बताया कि सभी विभागों, मंडलों और जनपदों के लक्ष्य निर्धारित किए जा चुके हैं। व्यापक जनसहभागिता के साथ 12 जुलाई को प्रदेश में 35 करोड़ पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक नया इतिहास रचा जाएगा।






