मिशन-27 की तैयारी तेज: उत्तराखंड BJP ने चुनावी रणनीति को दी धार, दायित्वधारियों को मिले नए जिम्मे
उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने संगठन और सरकार के बीच समन्वय को और मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है, पार्टी ने प्रदेश के विभिन्न बोर्डों, निगमों और आयोगों में नियुक्त दायित्वधारियों को संगठन के प्रत्येक मंडल में सक्रिय जिम्मेदारी देने की रणनीति बनाई है, ताकि चुनावी तैयारियों को बूथ स्तर तक प्रभावी बनाया जा सके।
रविवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने दायित्वधारियों के साथ संवाद किया, बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव, जनसंपर्क अभियान, संगठनात्मक गतिविधियों और सरकार की योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।
सरकार और जनता के बीच मजबूत कड़ी बनेंगे दायित्वधारी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि दायित्वधारी सरकार और जनता के बीच सबसे मजबूत सेतु हैं, उन्होंने सभी से अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार जनता के बीच रहने, उनकी समस्याएं सुनने और उन्हें प्राथमिकता के आधार पर संबंधित विभागों तक पहुंचाने का आग्रह किया, मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि दायित्वधारी केवल सरकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार ही न करें, बल्कि जनता से मिलने वाले सुझाव और फीडबैक भी सरकार तक पहुंचाएं, ताकि योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके और समस्याओं का समयबद्ध समाधान मिल सके।
Also Read – उन्नाव में रिटायर्ड दरोगा ने लाइसेंसी बंदूक से खुद को मारी गोली, कानपुर ले जाते समय मौत
हर मंडल में तय होगी जिम्मेदारी
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बताया कि विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठन के प्रत्येक मंडल में दायित्वधारियों की भूमिका तय की जाएगी, प्रत्येक दायित्वधारी अपने निर्धारित क्षेत्र में संगठन के साथ समन्वय स्थापित करते हुए पार्टी के कार्यक्रमों और जनसंपर्क अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाएगा, उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने विभिन्न बोर्डों, निगमों और आयोगों में 100 से अधिक दायित्वधारियों की नियुक्ति की है, अब इनके अनुभव और कार्यक्षमता का उपयोग संगठन को मजबूत करने और चुनावी तैयारियों को गति देने के लिए किया जाएगा।
लगातार तीसरी बार सरकार बनाने का लक्ष्य
बैठक में भाजपा नेतृत्व ने आगामी विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने के लक्ष्य को दोहराया, इसके लिए दायित्वधारियों को बूथ स्तर तक सक्रिय रहने, सरकारी योजनाओं को घर-घर पहुंचाने और जनता के साथ संवाद बढ़ाने की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी, साथ ही आगामी ‘तिरंगा यात्रा’ सहित पार्टी के विभिन्न कार्यक्रमों में भी उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर सहमति बनी।
सोशल मीडिया पर भी रहेगा विशेष फोकस
बैठक में दायित्वधारियों को सोशल मीडिया पर अधिक सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए, उनसे कहा गया कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं, विकास कार्यों, जनहित के फैसलों और संगठनात्मक कार्यक्रमों की जानकारी डिजिटल माध्यमों से भी आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाई जाए।
जनता से संवाद और फीडबैक पर जोर
भाजपा नेतृत्व ने स्पष्ट किया कि दायित्वधारी नियमित रूप से अपने क्षेत्रों में जनता से संवाद करेंगे, स्थानीय समस्याओं को समझेंगे और उनके समाधान के लिए सरकार एवं संगठन के बीच समन्वय स्थापित करेंगे, साथ ही जनता की अपेक्षाओं और सुझावों को सरकार तक पहुंचाकर जनहित के कार्यों को और प्रभावी बनाने में योगदान देंगे।
बैठक में भाजपा प्रदेश महामंत्री (केंद्रीय परिषद) दीपक रावत, तरुण जैन समेत विभिन्न बोर्डों, निगमों और आयोगों में नियुक्त दायित्वधारी मौजूद रहे, सभी ने संगठनात्मक मजबूती, चुनावी तैयारियों और सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने की रणनीति पर विस्तार से मंथन किया।






