लखनऊ। अयोध्या के श्रीराम मंदिर में दान से जुड़े कथित चोरी के मामले को लेकर उत्तर प्रदेश की सियासत गरमा गई है। विपक्ष जहां इस मुद्दे को लेकर सरकार पर लगातार हमलावर है, वहीं संसद से लेकर उत्तर प्रदेश विधानसभा तक विरोध प्रदर्शन देखने को मिल रहा है। समाजवादी पार्टी के विधायकों ने विधानसभा में हाथों में तख्तियां लेकर चंदा चोरी के मुद्दे पर सरकार को घेरने की कोशिश की।
इसी बीच उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने विपक्ष पर तीखा पलटवार किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर भगवान श्रीराम के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाया।
केशव प्रसाद मौर्य ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट करते हुए लिखा है कि “कल तक भगवान श्रीराम से किनारा, आज राम नाम का ही सहारा!”
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि भगवान श्रीराम को ‘काल्पनिक’ मानने वाली कांग्रेस को भगवान के नाम पर मितली ही आती रही है। वहीं समाजवादी पार्टी को लेकर उन्होंने तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि सपा अपने जन्म से ही ‘सफेद जालीदार टोपी’ से सांस लेने में यकीन करती रही है। उपमुख्यमंत्री ने आगे लिखा कि अब जिस तरह दोनों ही दल भगवान श्रीराम का नाम ले रहे हैं, उससे उन्हें भरोसा है कि भगवान दोनों की मति ठीक करेंगे।
राम मंदिर में दान से जुड़े कथित चोरी के मामले को लेकर समाजवादी पार्टी के विधायकों ने उत्तर प्रदेश विधानसभा में विरोध प्रदर्शन किया। विधायकों ने हाथों में तख्तियां लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और मामले में कार्रवाई की मांग उठाई। विपक्ष का आरोप है कि राम मंदिर से जुड़े दान और चढ़ावे के मामले में पारदर्शिता सुनिश्चित की जानी चाहिए वहीं, सत्तापक्ष की ओर से विपक्ष के आरोपों को राजनीतिक मुद्दा बनाने की कोशिश बताया जा रहा है। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का ताजा बयान भी इसी राजनीतिक टकराव का हिस्सा माना जा रहा है।






