बरेली: यूपी के पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह ने बरेली पहुंचकर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। अखिलेश यादव के ‘भू-माफिया’ वाले बयान पर पलटवार करते हुए मंत्री ने कहा कि भाजपा सत्ता के लिए नहीं, बल्कि देश और समाज को बेहतर बनाने के लिए राजनीति करती है।
धर्मपाल सिंह ने अखिलेश यादव के आरोपों पर तंज कसते हुए कहा, “चोर को सब चोर ही नजर आते हैं।” उन्होंने कहा कि पैसा बाहर भेजे जाने से जुड़े आरोप जांच का विषय हैं। मंत्री ने कहा कि जो राजनीतिक दल केवल जाति की राजनीति करते हैं, वे धीरे-धीरे खत्म हो जाते हैं। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस की तरह आने वाले समय में सपा का भी यही हाल होने वाला है।
RFCA बिल को लेकर धर्मपाल सिंह ने सरकार की नीति स्पष्ट करते हुए कहा कि “न्याय सबको मिलेगा, तुष्टिकरण किसी का नहीं होगा।” उन्होंने कहा कि कानून सभी के लिए बराबर है और किसी भी धर्म या मजहब के आधार पर कानून अलग-अलग तरीके से काम नहीं करेगा।
इससे पहले बैठक में पशुधन मंत्री ने अधिकारियों को आवारा पशुओं के लिए उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने हरे चारे की उपलब्धता बढ़ाने और बारिश के दौरान पशुओं को सुरक्षित रखने के लिए जरूरी इंतजाम करने को कहा। मंत्री ने स्पष्ट किया कि पशुओं की सुरक्षा और उनके लिए बेहतर व्यवस्थाएं सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल हैं।






