Home Uttar Pradesh मूसलाधार बारिश के बीच नोएडा एयरपोर्ट की तत्परता, 30 मिनट में दूर...

मूसलाधार बारिश के बीच नोएडा एयरपोर्ट की तत्परता, 30 मिनट में दूर हुआ जलभराव

2
0

नोएडा, 11 अगस्त। उत्तर प्रदेश के जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर मंगलवार को हुई मूसलाधार बारिश के बाद टर्मिनल को पार्किंग क्षेत्र से जोड़ने वाले मार्ग पर कुछ समय के लिए जलभराव की स्थिति बन गई। तेज बारिश के कारण अचानक उत्पन्न हुई इस स्थिति से निपटने के लिए एयरपोर्ट प्रशासन की टीमें तुरंत सक्रिय हो गईं और महज 30 मिनट में जल निकासी कर मार्ग को सामान्य कर दिया गया।

एयरपोर्ट अथॉरिटी के मुताबिक, कम समय में हुई अत्यधिक तेज बारिश के चलते टर्मिनल और पार्किंग क्षेत्र के बीच संपर्क मार्ग पर अस्थायी रूप से पानी जमा हुआ था। जानकारी मिलते ही संबंधित टीमें मौके पर पहुंचीं और तत्काल जल निकासी का काम शुरू किया। त्वरित कार्रवाई के चलते आधे घंटे के भीतर पानी निकाल दिया गया और मार्ग पर यात्रियों की आवाजाही फिर से सामान्य हो गई।

एयरपोर्ट प्रशासन ने बताया कि इस दौरान एयरपोर्ट का संचालन प्रभावित नहीं हुआ। फ्लाइट्स और यात्रियों की आवाजाही सुचारु रूप से जारी रही। यात्रियों को टर्मिनल और पार्किंग क्षेत्र के बीच किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए टीमें लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

प्रशासन के अनुसार, अचानक हुई अत्यधिक बारिश के कारण उत्पन्न जलभराव अस्थायी था और समय रहते इसे नियंत्रित कर लिया गया। मौसम की स्थिति को देखते हुए एयरपोर्ट की संचालन एवं सुविधा से जुड़ी टीमें सतर्क हैं। यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और निर्बाध आवाजाही को प्राथमिकता देते हुए लगातार निगरानी की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here