लखनऊ, 21 सितंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को जनता दर्शन में विभिन्न जिलों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उनके समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज में वैमनस्य फैलाने वाले लोग छोटी घटनाओं को तूल देकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश करते हैं। ऐसे में जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक हर छोटी घटना पर नजर रखें और सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर पहुंचकर पीड़ितों की सुनवाई करें।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि छोटी-छोटी घटनाओं में किसी भी स्तर पर उदासीनता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने हर पीड़ित से मुलाकात कर उनकी शिकायतें सुनीं। प्रशासन, पुलिस, राजस्व और विद्युत समेत विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं के प्रार्थना पत्र लेते हुए उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ शिकायतों का समाधान कराने के निर्देश दिए। सीएम ने कहा कि पात्र लोगों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिले, जरूरतमंद मरीजों के इलाज की व्यवस्था हो और भूमाफिया व दबंगों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाए।पुलिस और राजस्व से जुड़ी शिकायतों पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस कमिश्नर, एडीजी, आईजी, डीआईजी और एसएसपी स्तर के अधिकारी नियमित रूप से जनसमस्याओं की समीक्षा करें। अधीनस्थ स्तर पर लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदारी तय करते हुए कार्रवाई की जाए।
मुख्यमंत्री ने कानून-व्यवस्था और राजस्व से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण करने को कहा।जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री का एक नन्हे बच्चे के साथ सहज अंदाज भी देखने को मिला। मां के साथ पहुंचे बच्चे से उन्होंने हालचाल पूछा और उसकी पढ़ाई के बारे में जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने बच्चे को चॉकलेट दी और जब वापस मांगी तो बच्चे ने चॉकलेट देने से इनकार कर दिया। इस पर वहां मौजूद लोग मुस्कुरा उठे। मुख्यमंत्री ने बच्चे को सुखद भविष्य का आशीर्वाद देते हुए मन लगाकर पढ़ाई करने की सीख दी।
