अमरोहा: भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज और अमरोहा के सहसपुर अलीनगर गांव निवासी मोहम्मद शमी की राष्ट्रीय लोकदल अध्यक्ष जयंत चौधरी से मुलाकात के बाद जिले की सियासत में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
दोनों लोगो के मुलाकात की तस्वीर सामने आने के बाद शमी के 2027 के विधानसभा चुनाव में अमरोहा सीट से संभावित चुनाव लड़ने को लेकर राजनीतिक अटकलें लगाई जा रही हैं।हालांकि, मोहम्मद शमी की ओर से चुनाव लड़ने या रालोद में शामिल होने को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। ऐसे में जयंत चौधरी से हुई मुलाकात को लेकर तरह-तरह के राजनीतिक कयास लगाए जा रहे हैं।
इससे पहले शमी की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकातें भी चर्चा में रही हैं।अमरोहा विधानसभा सीट पर समाजवादी पार्टी के महबूब अली का लंबे समय से प्रभाव रहा है। 2022 के विधानसभा चुनाव में भी उन्होंने जीत दर्ज की थी। ऐसे में अगर भविष्य में भाजपा-रालोद गठबंधन की ओर से मोहम्मद शमी को अमरोहा से मैदान में उतारने का फैसला होता है, तो मुकाबला खासा दिलचस्प हो सकता है। फिलहाल शमी और जयंत चौधरी की मुलाकात ने अमरोहा की सियासत में 2027 को लेकर चर्चाओं को जरूर तेज कर दिया है।
