Home Breaking News लखनऊ में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, दहेज उत्पीड़न का आरोप; पति समेत...

लखनऊ में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, दहेज उत्पीड़न का आरोप; पति समेत 5 लोगों पर केस दर्ज

78
0
ठाकुरगंज इलाके में फंदे से लटका मिला श्वेता सिंह का शव

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के ठाकुरगंज इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, यहां 29 वर्षीय नवविवाहिता श्वेता सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, सोमवार सुबह ससुराल में उनका शव फंदे से लटका मिला, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई, मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या का गंभीर आरोप लगाया है, पुलिस ने मामले में पति, सास-ससुर, देवर और ननद समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बीमार मां को देखने मायके आई थी श्वेता

जानकारी के अनुसार ठाकुरगंज के विश्वनगर मल्हाई टोला निवासी श्वेता सिंह की शादी 22 नवंबर 2025 को काशी विहार निवासी शिवम सिंह उर्फ भूपेंद्र सिंह से हुई थी, भूपेंद्र एक लैब में काम करता है, श्वेता की मां सविता सिंह इन दिनों एक निजी अस्पताल में भर्ती हैं, शनिवार रात श्वेता अपनी बीमार मां को देखने मायके आई थी और फिर ससुराल लौट गई, सोमवार सुबह करीब 11 बजे मायके वालों को फोन पर सूचना मिली कि श्वेता ने आत्महत्या कर ली है, परिजनों का आरोप है कि जब तक वे मौके पर पहुंचे, तब तक ससुराल वाले शव को फंदे से उतारकर King George’s Medical University के ट्रॉमा सेंटर ले जा चुके थे।

“विदाई में पिता ने दामाद के पैर तक पकड़े थे”

श्वेता तीन बहनों में सबसे छोटी और परिवार की सबसे लाडली थी। बहनों ने बताया कि परिवार ने अपनी क्षमता से बढ़कर धूमधाम से शादी की थी, लेकिन शादी के दिन से ही दहेज को लेकर विवाद शुरू हो गया था, बड़ी बहन के मुताबिक, शादी के दौरान ही दूल्हे भूपेंद्र ने अतिरिक्त दहेज की मांग की थी, मांग पूरी न होने पर वह इतना नाराज हुआ कि विदाई के दौरान श्वेता को किसी से मिलने तक नहीं दिया, परिवार का कहना है कि उस समय श्वेता के बुजुर्ग पिता ने दामाद को मनाने के लिए उसके पैर तक पकड़ लिए थे।

Also Read – प्रयागराज में विकास और सुरक्षा पर सीएम योगी का बड़ा संदेश, बेटियों की सुरक्षा को लेकर सख्त चेतावनी

स्कॉर्पियो गाड़ी की मांग का आरोप

परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले लगातार श्वेता को कम दहेज के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे, पति भूपेंद्र मायके से मिले सोफे और बेड की आलोचना करता था और दहेज में स्कॉर्पियो गाड़ी की मांग कर रहा था, परिवार के मुताबिक, 24 मई को जब श्वेता से मुलाकात हुई थी, तब उसके शरीर पर कोई चोट नहीं थी। लेकिन ट्रॉमा सेंटर में शव देखने के दौरान पैरों पर गंभीर चोट और खून के निशान दिखाई दिए।

ननद के व्हाट्सएप स्टेटस पर भी सवाल

श्वेता की बहनों ने आरोप लगाया कि सास और ननद भी उसे लगातार ताने देती थीं, घर में विवाद होने पर ननद कथित तौर पर व्हाट्सएप स्टेटस लगाकर श्वेता और उसके परिवार को अपमानित करती थी, परिवार ने कुछ कथित स्क्रीनशॉट भी साझा किए हैं, जिनमें आपत्तिजनक टिप्पणियां लिखी गई थीं, एक स्टेटस में कथित तौर पर लिखा गया था कि “जो खुद सूअर जैसे खानदान में रही हो, उसे सब वैसे ही नजर आते हैं,” वहीं दूसरे स्टेटस में कहा गया था कि “जिन लड़कियों को सास-ससुर या ननद पसंद नहीं, वे अनाथालय में शादी करें।”

नौकरी छुड़वाने का भी आरोप

परिवार का आरोप है कि भूपेंद्र को श्वेता का नौकरी करना पसंद नहीं था और शादी के दौरान ही उसने उसकी नौकरी छुड़वा दी थी। हालांकि, श्वेता दोबारा नौकरी करके आत्मनिर्भर बनना चाहती थी, बहनों का कहना है कि उन्होंने श्वेता की बातों को सामान्य घरेलू विवाद समझकर नजरअंदाज किया, जिसका अब उन्हें गहरा पछतावा है।

मामले में पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए जांच शुरू कर दी है, डीसीपी वेस्ट कमलेश दीक्षित ने बताया कि ठाकुरगंज थाना अंतर्गत उमेश सिंह द्वारा बताया गया कि उनकी लड़की की शादी 22 नवंबर 2025 को भूपेंद्र सिंह पुत्र कौशलेंद्र सिंह के साथ हुई थी और 25 में को श्वेता सिंह के ससुराल वालों की तरफ से सूचना दी गई कि श्वेता सिंह ने फांसी लगा ली है. सूचना पर तत्काल पंचायत नया की कार्रवाई की गई और पिता के तरीके आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पति भूपेंद्र और ससुर कौशलेंद्र को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.