लखनऊ- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगामी श्रावण मास, कांवड़ यात्रा और विभिन्न पर्वों को लेकर अधिकारियों को सुरक्षा और जनसुविधाओं के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए। उच्चस्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ यात्रा में हर श्रद्धालु की सुरक्षा, सुविधा और सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकता है। कानून व्यवस्था से लेकर स्वास्थ्य, स्वच्छता, यातायात और खाद्य सुरक्षा तक सभी व्यवस्थाएं बेहतर होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे प्रदेश में कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाएं एक जैसी और प्रभावी हों। कांवड़ संघों से लगातार संवाद बनाए रखा जाए और शिविर संचालकों का सत्यापन समय से पूरा किया जाए। यात्रा मार्गों पर क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, स्ट्रीट लाइट, पेयजल, शौचालय और स्वास्थ्य शिविरों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने प्रमुख घाटों पर सुरक्षा बढ़ाने, महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम बनाने और ड्रोन, सीसीटीवी व पुलिस पेट्रोलिंग के जरिए चौबीसों घंटे निगरानी के निर्देश दिए। सोशल मीडिया पर अफवाह और फेक न्यूज फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
मुख्यमंत्री ने कांवड़ मार्गों पर खाद्य पदार्थों में मिलावट और ओवररेटिंग पर रोक लगाने के साथ मांस-मदिरा की दुकानें बंद रखने के निर्देश दिए। डीजे की आवाज निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने को भी कहा।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों से नियमित संवाद, राजस्व वादों के समयबद्ध निस्तारण और चकबंदी विवादों का निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कोटेदारों के उत्पीड़न और बिजली की ओवर बिलिंग की शिकायतों पर भी सख्त कार्रवाई के निर्देश देते हुए कहा कि भ्रष्टाचार किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
