हाथरस: वृंदावन स्थित प्रेमानंद महाराज के आश्रम से लापता हुए हाथरस के 16 वर्षीय अनुज चौधरी को पुलिस ने करीब तीन महीने बाद बरामद कर लिया है। पुलिस ने अनुज को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। बेटे के वापस मिलने के बाद परिवार ने राहत की सांस ली है।
ALSO READ चित्रकूट में दलित परिवार की बेटी लापता, परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप; पुलिस जांच में जुटी

दीक्षा लेने के बाद आश्रम में रहने लगा था अनुज
अनुज चौधरी हाथरस जिले की सादाबाद तहसील के बमनई गांव का रहने वाला है। बताया गया है कि आध्यात्म और सत्संग की ओर उसका रुझान पिछले करीब डेढ़ से दो साल में बढ़ा। इसी दौरान वह वृंदावन आने-जाने लगा और प्रेमानंद महाराज के सत्संग से प्रभावित हुआ। इसके बाद अनुज ने गुरु दीक्षा लेने के लिए आश्रम का रुख किया और वहीं रहने लगा। बेटे के घर वापस नहीं आने पर उसके माता-पिता काफी परेशान रहे और कई स्थानों पर उसकी तलाश करते रहे।
परिजनों ने आश्रम के बाहर किया था प्रदर्शन
अनुज के लंबे समय तक घर नहीं लौटने के बाद परिवार की चिंता बढ़ती गई। परिजनों ने उसकी तलाश के साथ-साथ आश्रम के बाहर धरना-प्रदर्शन भी किया था। मामला सामने आने और दबाव बढ़ने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अनुज को बरामद कर लिया।
घर लौटने के बाद क्या बोला अनुज?
परिवार के पास पहुंचने के बाद अनुज ने बताया कि उसका आध्यात्म की ओर झुकाव धीरे-धीरे बढ़ा था। उसने सत्संग सुनना शुरू किया और इसी दौरान उसे जीवन के आध्यात्मिक पक्ष को समझने में रुचि पैदा हुई। अनुज ने कहा कि वृंदावन और गुरुदेव का उस पर प्रभाव पड़ा और धीरे-धीरे उनका जुड़ाव बढ़ता गया। आश्रम में बिताए समय को लेकर उसने कहा, “मैं जहां रहा, जैसे भी रहा, वो ठीक रहा।”
अनुज ने आगे कहा कि अब वह अपने माता-पिता की सेवा करेगा और गुरुदेव द्वारा बताए गए नियमों के अनुसार जीवन जीने की कोशिश करेगा। फिलहाल अनुज के परिवार के पास लौटने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली है। उसके आश्रम जाने और वहां रहने को लेकर परिवार की ओर से पहले चिंता जताई गई थी।
