उत्तर प्रदेश कांग्रेस संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए पार्टी हाईकमान ने पूर्व दिल्ली मंत्री और वरिष्ठ दलित नेता राजेंद्र पाल गौतम को उत्तर प्रदेश का नया एआईसीसी (AICC) प्रभारी नियुक्त किया है। यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है। इसके साथ ही अब तक प्रदेश प्रभारी रहे अविनाश पांडे को इस जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया गया है।
ALSO READ योगी से भिड़ गये केजरीवाल ! योगी को साजिश से किया आगाह

कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष की मंजूरी के बाद तीन राज्यों में नए एआईसीसी प्रभारियों की नियुक्ति की गई है। इसके तहत राजेंद्र पाल गौतम को उत्तर प्रदेश, संजय दत्त को हरियाणा और ललजी देसाई को ओडिशा का प्रभारी बनाया गया है। पार्टी ने इस फेरबदल के तहत उत्तर प्रदेश के प्रभारी अविनाश पांडे, ओडिशा के अजय कुमार लल्लू और हरियाणा के बी.के. हरिप्रसाद को उनके दायित्वों से मुक्त कर दिया है।
2027 विधानसभा चुनाव पर नजर
उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस का यह संगठनात्मक बदलाव महत्वपूर्ण माना जा रहा है। नए प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम के सामने संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और राज्य में कांग्रेस की राजनीतिक पकड़ मजबूत करने की चुनौती होगी। हालांकि, पार्टी की ओर से इस बदलाव के पीछे कोई आधिकारिक कारण नहीं बताया गया है।
कांग्रेस सेवा दल में भी बदलाव
कांग्रेस ने एक अन्य महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए बी.वी. श्रीनिवास को कांग्रेस सेवा दल का नया चीफ ऑर्गेनाइजर नियुक्त किया है। वहीं, निवर्तमान चीफ ऑर्गेनाइजर ललजी देसाई को नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दी गई हैं।






