बांकीपुर उपचुनाव 2026: नामांकन प्रक्रिया शुरू, 30 जुलाई को मतदान, 3 अगस्त को होगी मतगणना
राजधानी पटना की सबसे हॉट सीट मानी जाने वाली बांकीपुर विधानसभा (संख्या-182) के उपचुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया सोमवार, 6 जुलाई से शुरू हो गई है। इस उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं।
निर्वाचन आयोग के अनुसार, नामांकन की अंतिम तिथि 13 जुलाई निर्धारित की गई है, जबकि नाम वापसी की अंतिम तिथि 16 जुलाई होगी, मतदान 30 जुलाई को कराया जाएगा और मतगणना 3 अगस्त को होगी।
निर्वाचन व्यवस्था और तैयारियां
इस उपचुनाव के लिए पटना सदर के भूमि उपसमाहर्ता राघवेंद्र प्रताप को निर्वाचन पदाधिकारी नियुक्त किया गया है, नामांकन प्रक्रिया में सहायता के लिए कुल 14 सहायक निर्वाचन पदाधिकारी तैनात किए गए हैं, इनमें पटना सदर प्रखंड और बांकीपुर अंचल के कई अधिकारी शामिल हैं।
चुनाव आयोग ने दावा किया है कि उपचुनाव पूरी तरह स्वच्छ, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया जाएगा, इसके लिए मतदान कर्मियों का विस्तृत डेटाबेस तैयार किया जा रहा है और सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूत किया गया है।
Also Read – मनाली से लौट रहे परिवार की स्कॉर्पियो ट्रेलर से टकराई, दंपति समेत 3 की मौत
422 मतदान केंद्र और 3.79 लाख मतदाता
बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में इस बार कुल 3,79,471 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, इनमें 1,99,987 पुरुष, 1,79,461 महिला और 23 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं, चुनाव के लिए कुल 422 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, ताकि मतदान प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
प्रशांत किशोर ने किया चुनाव लड़ने का ऐलान
इस उपचुनाव को और दिलचस्प बनाते हुए जनसुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने स्वयं इस चुनाव में प्रत्याशी के रूप में उतरने का ऐलान किया है हालांकि, भारतीय जनता पार्टी (BJP) और महागठबंधन की ओर से अभी तक अपने उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की गई है।
नितिन नवीन की सीट पर उपचुनाव
यह सीट भाजपा के वरिष्ठ नेता और नितिन नवीन के राज्यसभा जाने के बाद खाली हुई है, 1995 से यह सीट नितिन नवीन और उनके परिवार के प्रभाव में रही है, उनके पिता भी इस क्षेत्र के लंबे समय तक विधायक रहे थे, नितिन नवीन 2006 में उपचुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे थे और उसके बाद से लगातार इस सीट का प्रतिनिधित्व करते रहे हैं। अब उनके राज्यसभा जाने के बाद यह सीट खाली हो गई है, जिसके कारण उपचुनाव कराया जा रहा है।
राजनीतिक सरगर्मी तेज
बांकीपुर उपचुनाव को लेकर पटना की राजनीति में हलचल तेज हो गई है, सभी प्रमुख दल अपनी रणनीति तैयार करने में जुटे हैं और जल्द ही उम्मीदवारों की घोषणा की संभावना है।






