बिहार में शिक्षकों के सामान्य स्थानांतरण (General Transfer) को लेकर महत्वपूर्ण अपडेट सामने आया है, शिक्षा विभाग ने सामान्य ट्रांसफर के लिए ऑनलाइन आवेदन की तारीख में बदलाव किया है, अब राज्य के शिक्षक 4 अक्टूबर से 10 अक्टूबर तक ई-शिक्षाकोष पोर्टल के माध्यम से सामान्य स्थानांतरण के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे, शिक्षा विभाग ने इसके लिए संशोधित समय-सारणी जारी कर दी है। पहले सामान्य स्थानांतरण के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 17 सितंबर से शुरू होनी थी, लेकिन राज्य में बाढ़ की गंभीर स्थिति और प्राकृतिक आपदा को देखते हुए निर्धारित कार्यक्रम में बदलाव किया गया।
1 अक्टूबर को जारी होगी संशोधित रिक्तियों की सूची
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार समायोजन और पारस्परिक स्थानांतरण (Mutual Transfer) की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सामान्य स्थानांतरण के लिए विद्यालयवार संशोधित रिक्तियों की सूची जारी की जाएगी, 1 अक्टूबर को विद्यालयवार संशोधित रिक्तियों का प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद शिक्षक उपलब्ध रिक्तियों के आधार पर अपनी पसंद के विद्यालयों का विकल्प चुन सकेंगे।
Also Read – सीएम योगी ने प्रदेशवासियों के नाम लिखी पाती कहा”यूपी के हुनर को दुनिया तक पहुंचाएगा ट्रेड शो”
4 से 10 अक्टूबर तक कर सकेंगे आवेदन
शिक्षकों को सामान्य स्थानांतरण के लिए आवेदन करने का मौका 4 अक्टूबर से 10 अक्टूबर तक मिलेगा। इस दौरान शिक्षक ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे, आवेदन करते समय शिक्षक अपनी वरीयता के अनुसार उपलब्ध विद्यालयों का विकल्प चुन सकेंगे। विभाग ने शिक्षकों से अपील की है कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।
12 अक्टूबर से शुरू होगी आगे की प्रक्रिया
सामान्य स्थानांतरण के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद विभाग की ओर से आगे की कार्रवाई शुरू की जाएगी। इसमें आवेदन से संबंधित सूची का प्रकाशन, आपत्ति या अपील दर्ज करने और प्राप्त आपत्तियों के निष्पादन की प्रक्रिया शामिल होगी, संशोधित समय-सारणी के अनुसार यह प्रक्रिया 12 अक्टूबर से 18 नवंबर तक चलेगी।
बाढ़ के कारण बदला गया कार्यक्रम
बिहार राज्य शिक्षक स्थानांतरण नियमावली, 2026 के तहत सामान्य स्थानांतरण के लिए आवेदन प्रक्रिया पहले 17 सितंबर से शुरू होनी थी, लेकिन राज्य के कई हिस्सों में बाढ़ और प्राकृतिक आपदा की स्थिति को देखते हुए शिक्षा विभाग ने कार्यक्रम में बदलाव किया, नई तारीखों के अनुसार अब शिक्षकों को अक्टूबर में आवेदन करने का अवसर मिलेगा, इससे उन शिक्षकों को अतिरिक्त समय मिल सकेगा, जो बाढ़ प्रभावित परिस्थितियों के कारण पहले निर्धारित समय-सारणी के अनुसार आवेदन नहीं कर पाते।
शिक्षकों के लिए महत्वपूर्ण तारीखें
विद्यालयवार संशोधित रिक्तियों का प्रकाशन
1 अक्टूबर
सामान्य स्थानांतरण के लिए ऑनलाइन आवेदन
4 अक्टूबर से 10 अक्टूबर
आगे की प्रक्रिया
12 अक्टूबर से 18 नवंबर
शिक्षक आवेदन करने से पहले ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर उपलब्ध विद्यालयवार रिक्तियों और विभाग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों को ध्यान से देख लें। आवेदन की अंतिम तारीख का इंतजार करने के बजाय निर्धारित अवधि के भीतर प्रक्रिया पूरी करना बेहतर होगा।
