शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने रविवार (28 जून) को परभणी में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर तीखा हमला बोला, उन्होंने राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले को लेकर सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि धार्मिक आस्था का राजनीतिक और व्यावसायिक इस्तेमाल किया जा रहा है।
‘राम मंदिर कम, दुकान ज्यादा हो गया है’—उद्धव ठाकरे
प्रेस कॉन्फ्रेंस में उद्धव ठाकरे ने कहा, “राम मंदिर कम दुकान ज्यादा हो गया है,” उन्होंने आगे कहा कि “मंदिर वही बनाएंगे” जैसे नारों के पीछे असली मकसद अब सामने आ चुका है, उन्होंने आरोप लगाया कि राम मंदिर, जो हिंदुओं का पवित्र पूजा स्थल है, उसे राजनीतिक और व्यावसायिक गतिविधियों का केंद्र बना दिया गया है, ठाकरे ने कहा कि राम मंदिर में चढ़ावा चोरी का मामला सिर्फ चोरी नहीं है, बल्कि यह हिंदू आस्था और हिंदुत्व के साथ धोखा है।
महाराष्ट्र टीईटी पेपर लीक पर भी जताई चिंता
इसी प्रेस कॉन्फ्रेंस में उद्धव ठाकरे ने महाराष्ट्र टीईटी (TET) परीक्षा पेपर लीक मामले पर भी सरकार को घेरा, उन्होंने कहा कि पेपर लीक होना राज्य के लिए बेहद शर्मनाक है, उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे मामलों के पीछे संगठित गिरोह सक्रिय हैं और दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं होने के कारण बार-बार ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं, ठाकरे ने कहा कि यदि समय रहते इस व्यवस्था को नहीं रोका गया तो शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो सकती है।
बागी सांसद और BJP पर साधा निशाना
उद्धव ठाकरे ने शिवसेना (UBT) के बागी सांसद संजय देशमुख और भारतीय जनता पार्टी पर भी हमला बोला, उन्होंने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि राजनीतिक दलबदल को लेकर जनता को जवाबदेह रुख अपनाना चाहिए, उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों की मजबूती ही शिवसेना की असली ताकत है।
किसानों और कार्यकर्ताओं को दिया संदेश
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उद्धव ठाकरे ने कहा कि बारिश में देरी के बावजूद बड़ी संख्या में किसान और शिवसैनिक रैली में पहुंचे, इसके लिए उन्होंने आभार जताया, उन्होंने कहा कि जैसे बारिश से नई फसल उगती है और पुराने पत्ते गिर जाते हैं, वैसे ही राजनीति में भी बदलाव होना स्वाभाविक है, उन्होंने अपने समर्थकों को “निष्ठावान शिवसैनिक” बताते हुए संगठन को मजबूत करने का संदेश दिया।






